फिर से चला चल रे राही : घर-वापसी breast cancer journey

13 मार्च 2025 

सुबह 4:30 am 

पिछले 3 दिन से सफर, हॉस्पिटल मे भाग दौड़, और कल जैसे-तैसे करके कीमो का सेसन पूरा हो जाना।

मेरा शरीर आराम और नींद खोज रहा है। पिछले दो साल से हमारी होली के दिन हम ट्रेन के सफर मे ही बीता रहे हैं, इस साल 2025 की होली कल 14 मार्च को है। 

कीमो होने के बाद 24 घंटे के अंदर मम्मी को शरीर मे असहनीय पीड़ा शुरू हो जाती है जो आम तौर पर 2  से 3 दिन तक रहती है, मम्मी इस पीड़ा को कम-से-कम झेलने के लिए कीमो खत्म होने के तुरंत बाद जितना जल्द से जल्द हो सके घर के लिए निकालना चाहती हैं। 

साढ़े 6 बजे बनारस स्टेशन से "काशी-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस" खुलती है, मै अमूमन वापसी की टिकट पहले से नहीं करवाता हूँ क्योंकि ये तय नहीं है की हमारा कीमो एक दिन मे हो ही जाए,  कभी कभी दो या 3 दिन भी लग जाते हैं, ऐसे मे पहले से वापसी की टिकिट रिजर्व कराना रिस्क हो जाता है। एक ऐसे वक्त मे जब जेब बहुत ज्यादा कड़की मे चल रहा हो, तब पहले से टिकिट कराने का रिस्क नहीं झेल सकते। टिकिट कैन्सल कराने पर रेलवे एक बहुत बाद हिस्सा काट कर पैसे वापस करता है, नाह,,, हम इतनी तंगी मे इतना पैसों का ब्लॉककेज नहीं झेल सकते हैं। 

तो मै अक्सर वापसी की टिकट रात के 11-12 बजे के करीब करता हूँ ताकि ये पूरी तरह से सुनिश्चित हो जाए की हमारा हॉस्पिटल का सारा काम, सारी टेस्ट, सारे प्रोटोकॉल पूरे हो चुके हैं। 

मगर इस बार एक मुसीबत हो गई है, मै रात के 11 बजे तक जाग कर चेक कर रहा हूँ, मुझे रिजर्वेशन नहीं मिल रहा है। शायद 14 मार्च को होली होने के कारण सीट नहीं मिल रहा, वरना रोजाना चलने वाली ट्रेन मे 800 से लेकर 900 सीट हमेशा खाली मिलती थी। पर होली का दिन है, बहुत सारे "खेल" होते हैं सफर और ट्रेन के रिजर्वेशन मे, हमे इसमे नहीं पड़ना है। हमारे लिए बस एकलौता सत्य ये है की हमे टिकिट नहीं मिल सकी है, घर लौटना भी है। यानी की सुबह की यात्रा बहुत कष्टकारी होने वाली है। 

मम्मी जाग चुकी है साढ़े 4 बजे मेरे फोन के अलार्म से, वो फ्रेश होकर नहाकर तैयार हो गई हैं, मै थोड़े आलस मे हूँ मै सोना चाहता हूँ। 


पर जागना तो पड़ेगा ही। थोड़ी देर आराम कर लेता हूँ, कौन सा मुझे नहाना है। घर पहुंचकर नहा लूँगा। तो मै आधे घंटे रेस्ट कर लेता हूँ, साढ़े पाँच बजे लौज छोड़ेंगे, आधे घंटे मे मँड़ुआडि (बनारस स्टेशन) पहुँच जाएंगे, 6 बजकर 20 मिनट पर ट्रेन है। तो मेरे पास प्लानिंग है। 

मम्मी के बार-बार जगाने पर बिस्तर से उठना पड़ता है, फ्रेश होकर सामान और कपड़े और फाइल बांधकर हमलोग रूम से निकल रहे हैं। 

लौज़ केयरटेकर जीतेन्दर को कॉल करके रूम छोड़ने की खबर दे रहा हूँ, बड़ा रुखा और रफ जुबान है जीतेन्दर की. 

कीमो के बाद मम्मी के डाइट की बहुत स्ट्रिक्ट प्रोटोकॉल्स है, जो सिर्फ मम्मी के लिए ही नहीं बल्कि किसी भी कैंसर रोगी के लिए एक सामान ही होती होगी. खान पान बहुत बैलेंस्ड, संतुलित और पोषक, तले बघारे चीजो से दुरी, मगर कीमो के  बाद कुछ दिनों तक जो परहेज करना होता है वो है फलों के बीज वाले हिस्से, जैसे की अमरुद के गुदे वाला हिस्सा. इसके अलावा छिलके वाले फल, जैसे की सेब आदि का छिलका वाला हिस्सा सख्त मना है.

लौज़ के ठीक सामने सड़क के उस तरफ 

5:30am

साढ़े पांच बज चुके हैं, अब अभी जो चाय मिल जाएगी उसके बाद सफ़र समाप्त होने के बाद ही चाय के दर्शन होंगे. हमारे तरफ कल १४ मार्च को होली है, तो शायद इस बार हम अपनी होली घर पर मना सकेंगे. पटना में बहन भी हमारे साथ घर जाने के लिए अपने कॉलेज से आएगी. हालाँकि उसके mbbs फाइनल इयर के एग्जाम चल रहे है मगर होली की छुट्टी है तो वो होली घर पर बिताना चाहती है अपने नन्हे भतीजे फुन्दरू और मम्मी के साथ.

एक चाय लेकर हमने एक टोटो( ई-रिक्शा) लिया, ये हमें मंडुआडी तक छोड़ेगा. मैं रात १२ साढ़े बारह बजे तक irctc को एक्स्प्लोर कर रहा था ताकि कोई भी वैकल्पिक रास्ता हमें मिल जाये, मगर दुर्भाग्य से कशी पटना जनशताब्दी के अलावा और कोई विकल्प नहीं था. हमें पटना होते हुए ही घर तक जाना था.

टिकिट नहीं मिल सकी थी, जनरल टिकट लेकर ट्रेन में चढ़ जाता हूँ, टीटीई से इस टिकिट को रिजर्वेशन श्रेणी में करवा लूँगा अतिरिक्त शुल्क देकर. रेलवे ने अब ये बदलाव करके तो एक अच्छी सुविधा दे दी की किसी कारणवश अगर आपके पास अरक्षित टिकिट नहीं है तो आप सामान्य श्रेणी का टिकिट लेकर उसको टीटीई से अरक्षित टिकट का अतिरिक्त शुल्क मात्र देकर बदल सकते हैं कोई फाइन नहीं देना होता है.

मगर शायद नियति ने आज हमारी यात्रा को कष्टप्रद बनाना तय कर रखा है. टिकिट काउंटर पर बताया गया की इस ट्रेन के लिए सामान्य टिकट allowed नहीं है,  मै मम्मी को ट्रेन में बिठा कर आया था दौड़ते दौड़ते, मेरी साँसे उफन रही हैं, डर, और बदहवासी मेरे ऊपर हावी हो रही है, ट्रेन खुलने में सिर्फ 5 मिनट बचे हैं मुझे पूरी ताकत लगाकर दौड़ना होगा वरना ट्रेन तक मई नहीं पहुँच सकूँगा और ट्रेन खुल जाएगी, ६ प्लेटफोर्म पार करना है मुझे, पूरी ताकत लगाकर दौड़ रहा हूँ, ट्रेन खुलने की वार्निंग सीटी बज चुकी है, मई और ताकत लगाकर दौड़ रहा हूँ, ट्रेन खुलने लगी है मैं भी दौड़ते दौड़ते ट्रेन तक पहुँच चूका हूँ चलती ट्रेन को पकड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं है. ट्रेन में मई चढ़ चूका हूँ, हालाँकि ये जानलेवा हरकत है, मगर मज़बूरी थी.

अब हम बेटिकट यात्रा कर रहे हैं, 780 रूपये एक यात्री के ऊपर की फाइन बता रहे हैं टीटीई. 

मां ब्रेस्टकैंसर पेशेंट हैं हम हॉस्पिटल से लौट रहे हैं 1600 रूपये का ये झटका हम नहीं ढो सकते है, टीटीई को मैंने जब ये कहा और सहयोग करने की रिक्वेस्ट की तो उन्होंने कहा देखो मै तो मां जाऊंगा लेकिन मुगलसराई (दिन दयाल उपाध्याय स्टेशन) में मजिस्ट्रेट चेकिंग चल रही है, वो लोग नहीं मानेंगे तब क्या करोगे वो लोग तो और बड़ा जुरमाना लगायेंगे ???

तो अब बात सिर्फ आर्थिक झटके की ही नहीं, बल्कि सम्मान को खतरे की भी है.

========================

पुरे वापसी के सफ़र के लिए हमारे पास 2200 रूपये ही बचे थे, जिसमे से 1560 रूपये फाइन देने में चले गए, नियति हमारी परीक्षा लेना बंद क्यों नहीं कर रही ??

11:30 am

पटना हम पहुँच चुके हैं. ट्रेन ने आज एक घंटे देर से हमें पहुँचाया है. कोई बात नहीं, आगे की यात्रा राज्यरानी एक्सप्रेस से होनी है, बहन अभी तक जंक्शन तक नहीं आई है, मम्मी के लिए खाना लेकर आने वाली थी, सब्जी वो खुद बनाती है मम्मी के लिए रोटी हॉस्टल के मेस से ले लेती है. मम्मी ने फोन करके जल्दी आने कहा तो वो बताती है की मेस से खाना आने का वो इंतज़ार कर रही थी मगर मेस वाले ने अभी खबर किया की होली की छुट्टी के कारण उन्होंने भी आज मेस बंद कर रखा है. वो हॉस्टल से निकल रही है.

राज्यरानी का समय भी पटना पहुँचने का साढ़े ग्यारह ही है लेकिन वो एक घंटे विलम्ब से चल रही है, यानि हमारे हाथ में 40 से 50 मिनट सेफली है.

मम्मी को एक जगह बिठा कर मै जंक्शन से बहार निकल जाता हूँ, मगर ये क्या, हमेशा भोजनालयों की कतार से अटा पड़ा रहने वाला पटना जंक्शन आज शांत है, लगता है होली की मस्ती इन भोजनालयो पर भी हावी है, सारे भोजनालय बंद हैं एकाध नॉनवेज भोजनालय को छोड़कर. यहाँ तो मै खाना नहीं ले सकता.

बहन आ पहुंची, मैंने ३ जनरल टिकट ले लिया है 335 रूपये लग गए हैं, ट्रेन की भीड़ देखकर लग नहीं रहा की टीटीई हमारी टिकट को अरक्षित में बदलेंगे, वैसे पैसे भी तो नहीं बचे हैं इसके लिए. ट्रेन आई, मैंने जद्दोजहद करके ३ सीट पर कब्जा कर लिया है, धीरे धीरे मम्मी, पल्लवी के साथ आ रही हैं मेरी बोगी की तरफ जहाँ मैंने सीट कब्जाया है. 

ट्रेन एक घंटे लेट से आई है तो जाहिर हैं ये यात्रा नहीं कुछ भी तो कम से कम २ से ढाई घंटे देर से रहेगी.

सफ़र शुरू है लम्बे इंतज़ार के बाद. नींद, थकान,,,,,, मुझे बस किसी तरह घर पहुंचकर आराम करना है, मेरी आँखों में जलन है और सर में दर्द है ४ दिन से आधी अधूरी नींद के कारण. और कंधे की ये दर्द तो मानो इस हरासमेंट से इसको और खुराक मिल गया है.

==================================

5:00 pm

डेढ़ घंटे विलम्ब से चल रही राज्यरानी एक्सप्रेस ने हमें मानसी पहुंचा दिया है, ट्रेन की यात्रा यहाँ ख़त्म होती है आगे की यात्रा नेशनल हाइवे से करनी होगी. स्टेशन से बहार निकलकर हम हाइवे पर आते हैं, 15 मिनट तक ये दुरी पैदल चलते हुए तय करनी होती है. वहां तो बहुत सारे लगे हुए हैं लेकिन आज सभी मनमानी कर रहे हैं, लोगों की भीड़ है फिर भी सभी गाड़ीवाले रिजर्व में ले जाने की बोल रहे हैं. यानि जाना २० रूपये एक सवारी का किराया लग्न था वहां 400 रूपये देकर पूरी गाड़ी hire करो, महज 12-15 किलोमीटर के लिए ये अनावश्यक दबाब, वैसे भी हमारी जेब खाली हो चुकी है तो हम ये दबाब नहीं झेल सकते. जैसे तैसे करके हमने मानसी से महेशखूंट तक का सफ़र भी पूरा कर लिया, मम्मी पुरे सफ़र में बार बार याद दिला रही थी की बउवा (फुन्दरू बाबु) के लिए एक चश्मा लेना है होली के दिन कल पहनेगा हीरो बनेगा.

मम्मी की ये ख्वाहिश शायद अगली होली में पूरी होगी ?? इस बार तो नहीं मिल सका. 

=================================

5:50 pm

घर आ गए, फुन्दरू बाबु दादी को देखते ही चहक उठे हैं, थी दो दिन पहले फुन्दरू बाबु १३ महीने के हो गए हैं.

पोते को गोद में लेने से मिली ख़ुशी कीमोथेरेपी की पीड़ा पर भारी. ३ दिन के बाद दादी पोते का मिलन 


दादी हाथ पैर धोकर खूब सारा लाड़-दुलार कर रही है अपने पोते से, बुआ (पल्लवी) मजे से दोनों दादी पोते की मस्ती देखकर ठहाके लगा रही है. 14 घटे की ये जंग के समान बीती यात्रा, अब फुन्दरू की कलाबाजियो और किलकारियों से आनंद दे रही है.

=================================

नियति हर पल हमें झकझोरने और तोड़ कर बिखेर देने की साजिशें कर रही है, हम लड़ रहे हैं, लड़ना ही तो एकमात्र विकल्प शेष है. ब्रेस्टकैंसर से सिर्फ माँ ही नहीं लड़ रही, हम पूरा परिवार मिलकर लड़ रहे हैं. 

सामने पहाड़ खड़ा है उधार और कर्ज का, एक दो दिन में शरीर को आराम मिलने के बाद फिर से इन चुनौतियों से लड़ाई जारी रहेगी, फिलहाल आज की जंग समाप्त हुई,

दादी बुआ माँ, अपने फुन्दरू के साथ खेलें, मै जा रहा सोने........... 

=================================

यात्रा और कहानी आगे जारी रहेगी, जब तक है जंग...........

Comments