शरीर टूटता है, हौसला नहीं। हर 19 दिन का चक्र !

कल सारा दिन यात्रा, एक प्लेटफॉर्म से दूसरा दूसरे से तीसरा प्लेटफॉर्म करते करते आखिर रात 10 बजकर 15 मिनट पर हम वाराणसी स्टेशन पहुंचे, स्थानीय लोग वाराणसी स्टेशन को कैंट और बनारस स्टेशन को मँड़ुआडि बोलते हैं। शुरू शुरू मे हमे इन नामों के वजह से दिक्कत होती थी लेकिन जल्द ही हम अभ्यस्त हो गए, आखिरकार ये नाम ही तो हमारी जिंदगी का हिस्सा होने वाले थे। 

आज है 12 मार्च 2025. 

शायद 26 वां कीमो होगा मम्मी का। ,मुझे ठीक से याद नहीं कीमो का सीक्वेंस बस इतना भर ख्याल रहता  है की 20 से 25 कीमो हो चुके हैं, फिर शायद 30 साइकिल पूरा हो जाने के बाद इस क्रम मे याद रहेंगे की 25 से 30 या 30 से 35 कीमो हो चुके हैं। 

रात साढ़े 11  बजे हम लॉज पर पहुंचे, खाना जाऊ जी होटल मे मैंने कहा लिया था और मम्मी के लिए एक प्लेट खाना और दही पैक करवा लिया था। मम्मी दिन भर की भूखी थीं, हालांकि दोपहर मे पटना मे थोड़े फल वगैरह लेकर आया था मै, मगर फलों से वो भी थोड़े बहुत, क्या होता है ?

सुबह सुबह ही 6 से 7 बजे जागकर हॉस्पिटल जाना था, क्योंकि लंबी कतार होती है और हमारे पास पहले से कोई अपॉइंटमेंट भी नहीं था। याद कीजिए की पिछले दो सेसन महाकुंभ मेला के कारण स्टेशनों पर पनपी हुई भीषण भीड़ के कारण अस्त व्यस्त हो गई थी। जैसे तैसे करके हमने मुजफ्फरपुर के निर्माणाधीन टाटा के ही कैंसर अस्पताल मे कीमो के लिए परमिशन हासिल किया, 

तो आज का दिन काफी जद्दोजहद वाला होना था। ना नींद पूरा हुआ था ना पहले से अपॉइंटमेंट था और सबसे बाद अड़चन की फाइल भी तो mpmmcc मे ट्रैन्स्फर एण्ड ऐक्टिव  करवाना था जो की काउन्टर 9 बजे खुलने के बाद ही होना था। 

होता ये है की हमारी फाइल mpmmcc वाराणसी की है, जब किसी कारणवश हम मुजफ्फरपुर या किसी और यूनिट जाते हैं तो फाइल वहाँ ट्रैन्स्फर होती है और ट्रीट्मन्ट पूरा होने के बाद फाइल को वहाँ पर save एण्ड close करवाना होता है, और जब हम mpmmcc आते हैं तो फिर वही प्रक्रिया यहाँ दुहरानी पड़ती है। अमूमन आधे से पौने  घंटे इन सब प्रक्रिया मे निकल जाता है। 

फिर ब्लड टेस्ट और मल्टीपल बाइओकेमिस्ट्री टेस्ट होते हैं, 4 से 5 घंटे रिपोर्ट आने मे लगेंगे फिर डॉक्टर के पास सारी रिपोर्ट और फाइल आएगी, लगभग दोपहर के ढाई से तीन बज जाने होते हैं इस पूरी प्रक्रिया मे, उसके बाद सारी रिपोर्ट और मम्मी का कंसलटेसन करने के बाद डॉक्टर मम्मी की फाइल मे कीमो के लिए लिखते हैं। फिर कीमोथेरेपी वर्ड मे जाकर आगे के प्रोटोकॉल्स फॉलो करो कतार मे लगो, दवाई लो, बिलिंग कराओ, फिर अपनी बारी का इंतज़ार करो। नहीं कुछ भी तो शाम के 5 से 6 बज जाने वाले थे आज !!

=====================

सुबह की जद्दोजहद

7:00 am 

7 बज चुके हैं सुबह के, जैसा की पहले से अनुमान था, लंबी बड़ी कतार लगी हुई है। एक चीज जो यहाँ की भीड़ भाड़ के माहौल को भी उतना इरिटेटिंग नहीं होने देता है वो है यहाँ का प्रोटोकॉल। पूरे mpmmcc campus की सुरक्षा एक्स-सर्विसमैन को दी गई है, ये लोग पूरे हॉस्पिटल के अंदर प्रोटोकोल को मैन्टैन करके रखते हैं जिसके चलते किसी भी तरह की अफरा-तफरी जैसा सीन कभी क्रीऐट नहीं होता है। 

सुबह साढ़े 6 बजे टाटा कैंसर अस्पताल वाराणसी, के कैंपस मे कड़ी लंबी कतार, सुरक्षाकर्मियों की बदौलत व्यवस्थित। फ्रेम मे लोगों की भीड़, मम्मी और मै। 

हॉस्पिटल का मुख्य एंट्री खुल चुका है और सुरक्षाकर्मी अपनी निगरानी मे कतार को अंदर बढ़ने की इजाजत देते हैं। पेशेंट के साथ एक बार मे एक अटेंडेंट को ही हॉस्पिटल के अंदर आने की इजाजत है। 

मै मम्मी के साथ अंदर आ चुका हूँ मम्मी campus मे पेड़ों के नीचे बने चबूतरे पर बैठ जाती है आराम करने, मै आगे की परकीय पूरी करने 4 नंबर काउन्टर की तरफ बढ़ता हूँ। जो भी हो पता तो है ही की बिना फाइल को ट्रैन्स्फर कीये मेरा कोई भी काम 9 बजे से पहले नहीं होने वाला है क्योंकि फाइल ट्रांसफर जिस काउन्टर पर होना है वो काउन्टर 9 बजे खुलना है। सुरक्षाकर्मी यहाँ बहुत सहयोगपूर्ण स्वभाव रखते हैं, उसके बावजूद कुछ लोग हमेशा ऐसे मिल जाएंगे जो खामखा इन गार्ड साहब सब से बहस करने और बेफिजूल के उलझने लग जाते हैं। मेरे पास अभी दो घंटे हैं तो मै ऐसे किसी भी बहस को आराम से देख सुन सकता हूँ 😋😋😁😁ज्यादा देर नहीं लगी कुछ ही मिनट मे एक अधेड़ उम्र साहब एक सुरक्षाकर्मी से बहस करने मे लग गए थे, 

========================

8:59 am 

9 बजने मे कुछ ही सेकंड रह गए हैं काउन्टर पर कर्मी आ गए हैं, मै साढ़े आठ बजे ही यहाँ आ गया था मगर सोच अभी आधा घंटा है तो पेड़ के नीचे बैठ गया, तबतक कुछ लोग आकार लाइन बना लिए, मेरे को लगा की थोड़े से आराम के चक्कर मे मिसटेक हो गई मुझसे अब मै पहले आने के बाद भी तीसरे नंबर पर आऊँगा, ये क्रम और ना बड़ा हो जाए तो तेजी से चबूतरे से उतारकर कतार मे जाकर लग गया। 

9 बजकर 10 मिनट हो रहे हैं मेरी बारी आ चुकी है, मेरी क्वेरी उन्होंने दर्ज करने के बाद मुझे एप्लीकेशन फॉर्म दी है फाइल ट्रांसफर के लिए सिग्नेचर करने के लिए। मै फाइल को mpmmcc मे ट्रांसफर कराने मे कामयाब हो गया हूँ, ब्लड सेमपलिंग की अब बिलिंग करानी है जल्दी से तो दौड़कर ब्लड सेमपलिंग की बिलिंग करा लिया, मेरी औसत से भी ज्यादा तेज रफ्तार से काम किया है मैंने, साढ़े 9 बजे तक मम्मी का ब्लड सैम्पल कालेक्ट हो गया। 

=========================

फूँदरू बाबू (लव्यांश) की मुस्कान

10 am 

भूख और थकान दोनों है, खासकर मेरी तो हालत खराब है नींद से, और अपने पास अब तकरीबन 4 घंटे खाली पड़े हैं इंतज़ार करने के लिए। तो बेहतर है की लौज पर चलकर रूम मे आराम किया जाए। 

मम्मी अस्पताल छोड़कर रूम पर जाने के पक्ष मे नहीं है पर मेरी दलील भी मजबूत है की 4 घंटे जब हम जान रहे हैं की इंतज़ार करना होगा तो कमरे पर चलकर आराम कर लेते हैं। मम्मी मान गई हैं, अस्पताल से निकलकर बाहर लौज की तरफ हम बढ़ रहे हैं, मम्मी ने कहा चाय ले लो। 

"चलो पहले रूम पर चलते हैं, फाइल वगैरह रूम पर रखकर मै दुबारा चाय लेने आ जाऊंगा", मैंने कहा। जो कहा सो किया, मम्मी अब चाय पी रही हैं, मुझे कहती हैं सृष्टि को कल लगाओ, बउआ को विडिओ कॉल पर दिखाने बोलो। 

जी, बउआ यानि हमारे फूँदरू बाबू की बात हो रही है। मम्मी के पोते की। सृष्टि को फोन लगाकर कहा डेटा ऑफ क्यों है तुम्हारा, विडिओ कॉल लगा रहे हैं लग नहीं रहा, नेट ऑन करो, मम्मी अपना पोता से बात करेगी। 

डेटा ऑन हो गया और फूँदरू बाबू से मम्मी की बात हो रही है। 

एक खास बात ये भी है की आज फूँदरू बाबू 13 महीने के हो गए हैं। यानि एक साल एक महीना इन्होंने पूरा कर लिया है। 

फूँदरू बाबू को वीडियो कॉल पर देखते हुए फूँदरू बाबू ने जैसे ही दादी को पहचान और जोर की किलकारी मारते हुए टूटी फूटी जुबान से कहा - "दादीईई", मम्मी का थका मुरझाया चेहरा भी खिलखिलाकर ताजा हो उठा। 

===========================

1:00 pm 

कुछ देर आराम करने के बाद अस्पताल के लिए फिर से निकाल रहे हैं हम और मम्मी, बहन ने कॉल करके बताया की रिपोर्ट का मेसेज उसके मोबाईल पर आ गया है। इसका मतलब है की डॉक्टर के पास हमारी फाइल भी आज एक से दो बजे के तक के दरम्यान मे ही आ जाएगी, तो हमे तुरंत हॉस्पिटल मे पहुँच जाना चाहिए। 

हमारे हॉस्पिटल पहुंचते पहुंचते फाइल आ चुकी थी, डॉक्टर के कैबिन मे जाने से पहले प्रोटोकाल के मुताबिक ब्लडप्रेसर जाँचना जरूरी है। 

डॉक्टर अनुज गुप्ता जी ऑनकोलॉजिस्ट, बहुत मधुर स्वभाव के हैं, मम्मी का हाल चाल पूछते हैं पहले उसके बाद आगे डाइगनोस करते हैं। मम्मी पिछले कुछ सेसन की तुलना इस बार स्वस्थ लग रही हैं, डॉक्टर अनुज मम्मी को काफी चीयर करते हैं, एक अच्छी खबर इस बार ये है की अगला साइकल का सेसन डॉक्टर हमे मुजफ्फरपुर मे कराने की परमिट दे रहे हैं, पर उसके बाद का सेसन फिर पहले की तरह यहाँ मपमंकक मे ही होगा और कई सारे टेस्ट भी होने हैं। 

अब हमे कीमोथेरेपी  वार्ड की तरफ बढ़ना चाहिए !

=====================================

कीमोथेरेपी का इंतजार

2:00 pm 

हम तीसरे फ्लोर पर आ गए हैं, कीमो वार्ड यहीं पर है। आज कीमो वार्ड मे भीड़ बहुत है, हमारी फाइल के पहले तकरीबन 40 फाइल है, इसका मतलब घूम फिर कर वही 5 से 6 बज जाने हैं ही। इंतज़ार ही करना होगा इसके अलावा दूसरा कोई और रास्ता नहीं है। 

तबतक मै कीमो की दवाई वगैरह सब ले लेता हूँ क्योंकि उसमे भी कतार मे लगना होगा और 15 से 20 मिनट लग जाएंगे। 

============================

4:20  pm 

4 बजकर 20 मिनट हो चुके हैं शाम के, हमारी बारी आ गई है, मम्मी का नाम अनाउन्स किया जा रहा है, "पुण्यशीला कुमारी"। 

मै चाय बिस्किट की तलब मे नीचे कैंटीन मे आ गया था, मम्मी ने कॉल करके बताया की कहाँ चले गए हो, आ जाओ हमारा नंबर आ गया है। मैंने कहा, तुम अंदर बढ़ो, हम आ रहे हैं। 

नीचे चाय लेने गया था, पर कॉल आते ही सब छोड़कर दौड़ा। उनके चेहरे पर थकान थी, पर आँखों में वही हिम्मत।

3सरा फ्लोर। 

मम्मी बेड पर आ चुकी हैं, प्रोटोकोल के मुताबिक मेडिकल स्टाफ मम्मी की फिर से बीपी ले रही हैं। फाइल पर सारे मेजर्स अपडेट करने के बाद मुझे दवाई तैयार करवाने को भेजती हैं, एक बहुत अजीब स छोटा स लैब टाइप का चैम्बर है जहां एक मेडिकल स्टाफ chemo की मेडिसन हर पेशेंट के इंडिविजुआल प्रोटोकाल के मुताबिक तैयार करते हैं। 

हमे 400mg दवाई लगनी है, बाँकी की बची हुई दवा 20 दिन तक ही यूजेबल है, उसके बाद इस बची हुई मेडिसिन को डंप कर दिया जाएगा, और अगला सेसन तो हमें डॉक्टर अनुज जी ने मुजफ्फरपुर कराने की परमिशन दे दी है, मैंने वो 40 mg दवा उनको किसी और जरुरतमन्द मरीज को डोनेट कर देने को कहा है। 

ये 40 mg दवा बहुत मायने रखता है, ननही कुछ भी तो दो से ढाई हजार रुपये इन 40 mg दावा की वैल्यू निकलती है। इन दवाओं को आम दवाओ की तरह हम carry नहीं कर सकते तो इन्हे अस्पताल के ही रेफ्रीजरेटर चैम्बर मे स्टोर करके रखना होता है। 

एक दो बार हमे भी दवा कम पड़ गई थी तो इनके पास किन्ही पेशेंट का डोनेट किया हुआ दवा बच रहता है तो हमें मिल गई थी। 

=======================

हौसले का चक्र

ट्रीटमेंट शुरू हो चुका है है, मम्मी की बारी आने से लेकर दवा तैयार कराने तक मे 20 मिनट लग चुके हैं, इस समय 5 बजकर 7 मिनट हो रहा है शाम का, और बहुत हद तक संभावना है की साढ़े 6 बज जाएंगे और अंधेरा छा जाएगा आज दवा पूरी कंप्लीट होने मे। 

इंतजार के अलावा और कोई चारा नहीं है। 

======================

हर 19 दिन का ये चक्र हमें तोड़ने की कोशिश करता है, पर मम्मी की हिम्मत और फूँदरू की मुस्कान हमें जोड़े रखती है। हाँ मै अपने बेतहाशा बढ़ती जा रही पीठ और गर्दन  की दर्द से बेचें हूँ, इलाज के लिए ना तो वक्त  निकल पा रहा है ना जेब मे पर्याप्त "साधन" बचा है। फूँदरू की किलकारी सुन मम्मी खिल उठती हैं, पर फूँदरू के लिए मेरे मन में डर है - क्या इसके लिए कुछ बचा पाऊँगा? इसको क्या भविष्य दे सकूँगा ??

यात्रा और कहानी आगे जारी रहेगी, जब तक है जंग...........

Comments