14 मार्च 2025
11:29 pm :-
रात के साढ़े ग्यारह बज रहे हैं, आज होली का त्यौहार रहा सारा दिन, मुझे रंगों से खेलने का कोई शौक नहीं है, तो होली को लेकर मेरे मन को कोई ख़ास एक्साइटमेंट नहीं होता मगर बांकी लोगो को तो रंगों से खेलना पसदं है न !
ऐसे भी होली सिर्फ रंगों से खेलने के लिए नहीं बल्कि परिवार को एकदिन साथ बिताने का एक दुसरे से प्यार जताने का भी वक़्त देता है. मई तो ऐसे भी ४ दिन से नींद आधी अधूरी कच्ची नींद के सहारे सफ़र और हॉस्पिटल की भाग-दौड़ में लगा था, आज सारा दिन मै सोया रहा हूँ. अभी थकान और दर्द नहीं गया है कम से कम एक अगला एक दिन, सारा दिन मुझे आराम करना है.
अभी पानी के प्यास की तलब ने जगा दिया, एक बैचेनी झकझोर रही थी मुझे नींद में, जागा हूँ तो अपने मन में उमड़ते ख्याल को लिख ही डालता हूँ!
क्या होता अगर निशांत सर ने मुझे उस दिन कॉल नहीं किया होता ?
क्या होता उस दिन अगर मै जफ़र भाई को उनके रूम की चाभी देने आधे रस्ते से लौट जबकि मै दिल्ली से गुरुग्राम की तरफ बढ़ते हुए आधा सफ़र पार कर चूका था ??
![]() |
| मयंक और हैरी सर "किंगरिसर्च" की मुलाकात |
========================================
18 दिसंबर 2024
11:30 am
सुबह के कोई साढ़े ग्यारह बज रहे थे, जफ़र भाई ने अपने रूम पर पिछली रात पनाह दी थी. मैं दिल्ली में यहाँ वहां डोनेशन और crowdfunding के लिए भटक रहा हूँ, कोई ठिकाना नहीं ना खाने पीने की कोई गारंटी. किसी गुरूद्वारे के आसपास पहुँच गया अगर तो पेट भर जाये, ऐसा चल रहा है दिल्ली में पिछले 20 दिन से.
जफ़र भाई अपने जॉब पर निकल चुके थे 9 बजे ही और जाते जाते मुझे समझा गए थे की जब मैं अपने मंजिल की तलाश में निकलूं तो उनके रूम की चाभी कहाँ रखनी है.
मैं फ्रेश हो रहा था की एक कॉल आई, नंबर मेरे लिए अनजाना है, अनजाने नंबर से कॉल उठाना मैंने लगभग छोड़ दिया है क्योंकि सारे कॉल्स तो emi के, कर्ज वालो के, राशन का उधार वालो के ही होते हैं, फिर भी डरते डरते मैंने कॉल पिक कर लिया.
“मयंक जी, मै निशांत बोल रहा हूँ. अभी आप दिल्ली में ही हो, दिल्ली में कहाँ हो?”
इतना मुझे डराने के लिए काफी था, मेरे सिर्फ कुछ दोस्त और परिवार वाले ही जान रहे हैं की मैं दिल्ली में हूँ, ये निशांत कौन हैं इनको कैसे पता की मैं दिल्ली में हूँ ?.
===========================================
1:45 pm
मैं मेट्रो में हूँ आधा सफ़र निकल चूका हूँ गुरुग्राम पहुंचे में अभी भी एक से डेढ़ घंटा लगेगा, निशांत सर मुझसे coordinate कर रहे हैं लगातार कॉल पर, क्या ये किसी तरह का धोखा हो सकता है मेरे साथ ??
“हैरी सर आपसे मिलेंगे गुरुग्राम पहुँचो आप”,
पिछले 20 दिन से मैं दिल्ली में भटक रहा हूँ। बिना टिकट बसों में सफर करता हूँ—यह बात सिर्फ मैं जानता हूँ, या वे बस कंडक्टर जो मेरी स्थिति समझकर मुझे सफर करने देते हैं। जफर भाई से मैंने बहुत शर्मिंदगी के साथ 300 रुपये माँगे थे, जब मैं उनके रूम से निकला। निशांत सर को क्या पता कि मैं किन हालातों से गुजर रहा हूँ, और गुरुग्राम पहुँचना मेरे लिए कितना बड़ा चैलेंज है।.
गुरुग्राम मेट्रो से निकल रेपिडो से बाइक बुक करके लोकेशन पर पहुँच गया, कुछ देर तलाश करने के बाद विजय साहू मिले, विजय साहू सर हैरी सर के छोटे भाई हैं, उन्होंने बताया.
पिछले 20 दिन से जो मेरे अनुभव रहे हैं उसके बाद मैं कोई उम्मीद लेकर किसी से नहीं मिल रहा था बल्कि सिर्फ मिल रहा था, जो होना होगा होगा नहीं होना होगा नहीं होगा, इस भाव के साथ.
विजय सर मुझसे बात कर रहे हैं मेरे से मेरी कहानी पूछ रहे हैं, और,,,,,,,,,,
“आपका नंबर बोलो और किस कंपनी का सिम है आपना?”
“एयरटेल है सर”
“अभी आप अपनी फॅमिली से कैसे कनेक्ट हो?”
“बस कॉल और इन्टरनेट के जरिये सर”
“एक मिनट मयंक भाई, लेट मी चेक एक साल का कितने का प्लान है आपके नंबर के लिए”
मैं थोडा घबरा रहा हूँ की करना क्या चाहता है ये बन्दा आखिर, सबकुछ इतना सरप्राइजिंग सरप्राइजिंग क्यों कर रहे हैं ये लोग, क्योंकि अभी तक मैं क्लियर नहीं हुआ था की क्या होने वाला है ? मेरे दिमाग में सिर्फ एक बात घूम रही थी की मैं दिल्ली वापस कैसे लौटूंगा, वापस लौटने में 300-350 रूपये लगेंगे और जफ़र भाई से जो मैंने पैसे मांगे थे वो यहाँ तक आने में ख़त्म हो चुके थे, ऊपर से ये इलाका इतना महंगा है की चाय से सस्ती यहाँ कुछ भी नहीं है.
नोटिफिकेशन आता है sms का,
“आपके एयरटेल नंबर 9955****34 पर रु३५९९ का रिचार्ज सफलतापूर्वक हो गया है, आपका पैक 20-12-2024से शुरू होगा और 19-12-2025 तक मान्य होगा. आपके वर्तमान लं की समाप्ति के बाद आपका रिचार्ज किया हुआ प्लान ऑटोमेटिकली शुरू हो जायेगा”
![]() |
| 18 दिसंबर 2024: मयंक के एयरटेल नंबर पर 3,599 रुपये का रिचार्ज SMS, जो 20-12-2024 से 19-12-2025 तक मान्य है। |
मेरा रिचार्ज आज रात ख़त्म हो जाने वाला था और मैं इसके बाद एक अपाहिज इंसान की तरह हो जाता जिसके हाथ पैर जुबान सब कुछ काट डाले गए हों, मैं तो सिर्फ किसी तरह अगले एक महीने के लिए रिचार्ज के टेंशन में था यहाँ मेरे अगले 12 महीने की रिचार्ज की टेंशन दूर हो चुकी है,,,
फ़रिश्ता ????
क्या सच में फ़रिश्ता होते हैं ??
तभी सामने लिफ्ट से हरिंदर साहू, यानी हैरी सर निकलते हैं, वो बीजी हैं लेकिन मुझसे कहते हैं मयंक भाई आप विजय के साथ रहो इनको सब जानकारी दे दो, मई शूट के बाद आपके बात करता हूँ.
“और हाँ, कुछ खाया आपने ? आप अपना गूगल-पे नंबर निशांत सर को मेसेज कर दो और प्लीज़ बुरा मत मानना, मुझे टाइम लगेगा तबतक आप कुछ खाकर आ जाओ, आपको कहीं जाने की जल्दी तो नहीं न है” हैरी सर ने इतनी बाते बोल दी मेरे दिमाग में तो अभी तक रिचार्ज वाली बात ही घुम रही थी मैं उसी स भौंचक्केपन में खोया हुआ था अभी, हैरी सर ने जो कुछ कहा सिवाय “ कुछ खाया” के बांकी कुछ मेरे दिमाग में नहीं घुसा था.
हैरी सर अन्दर स्टूडियो घुस गए, विजय साहू भाई ने मुझे साथ ले जाकर अन्दर बिठाया. थोड़ी देर में निशांत सर का कॉल आया मुझसे gpay नंबर के बारे में पूछा तो मुझे हैरी सर की बात याद आई.
कुछ देर में फिर से एक sms नोटिफिकेशन आता है. 500रूपये मुझे गूगलपे के जरिये आये. ये खाने के लिए था !
![]() |
| निशांत सर से मयंक को मिले 500 रूपये जो इस दिल्ली-गुरुग्राम की भूखे-प्यासे की गयी यात्रा के लिए भोजन की जरुरत के लिए था. |
ये 500 रूपये इस जगह की लग्जरी कीमतों को देखकर सामान्य था, एक बार का खाना इतने रूपये में आ जाता. मगर प्रॉब्लम ये है की अभी तक मुझे कुछ पता ही नहीं है की इनकी प्लानिंग क्या है, जैसा की मैं बता चुका हूँ पहले ही “मैं कोई उम्मीद लेकर किसी से नहीं मिल रहा हूँ बल्कि सिर्फ मिल रहा था, जो होना होगा होगा नहीं होना होगा नहीं होगा, इस भाव के साथ” तो अबतक जो हुआ है वो ये की 3600 का रिचार्ज मेरे नंबर पर कुछ मिनट पहले हुआ है और अभी 500 रूपये मुझे मिले हैं भोजन के लिए.
क्या हो अगर इनका शूट ख़त्म होने के बाद ये लोग मुझे सांत्वना दे के चले जाएँ सिर्फ, क्योंकि अभी तक सिर्फ मेरे से हाल चाल लिया है मेरी स्टोरी मेरे मुंह से सुना है पेपर्स चेक किये हैं, मेरे दिमाग में सिर्फ एक टेंशन चल रही है की मैं दिल्ली वापस कैसे लौटूंगा ??
स्टूडियो से निकलकर नीचे गया हूँ एक छोटा सा रेस्त्रों या कैंटीन टाइप का है, कम से कम कीमत में भी खाना आर्डर करूँ तो 380 रूपये यहाँ लगने थे, मेरे पास बचते 120रूपये ! इतने से तो मैं इस जगह से गुरुग्राम मेट्रो भी नहीं पहुँच सकूँगा !!
तो क्या करू ?? वही तो इस परिस्थिति में नीति कहती है, इस 500 रूपये को सम्हालो. चाय वाले की कैन्टीन में एक पेटीज, एक चाय और उसके बाद एक एनर्जी ड्रिंक, कुल 100 रूपये में मैंने काम चला लिया है, 4 बज चुके थे अबतक शाम के, और कल रात जो गुरूद्वारे में लंगर खाया था उसके बाद सीधा अभी पेट में कुछ गया है, काफी तो नहीं है मगर पेट की आग शांत करने के लिए काफी है.
मेरे पास 380 रूपये बचे हैं एक पानी की बोतल लेने एक बाद. इन पैसों में मैं दिल्ली वापस लौट जाऊंगा.
मैं ऊपर स्टूडियो वापस पहुँच गया, अन्दर कोई नजर नहीं आ रहे थे, शायद शूट पूरा हो गया, और वो लोग चले गए, मुझे रोना आ गया, मैं चेहरा ढँक वही स्टूडियो के दरवाजे के बहार बैठ रोने लगा,,, क्यों रो रहा हूँ ??
“बेवजह, बेवकूफ !! जब कोई उम्मीद नहीं पाल रखा है तो फिर एकाएक ये रोना क्यों, आखिर इसी वजह से न तुमने 500 रूपये में से 380 रूपये बचाए रिस्क को समझते हुए और तुम आराम से वापस लौट सकते हो तो फिर ये रोना क्यों पागल हो क्या??” मेरे मन ने मुझे ताना मारा.
“कुछ नहीं, बस डर बहुत ज्यादा बढ़ गया है इसीलिए रोना आ गया है, वहां मम्मी का आज कीमो चल रहा होगा, पता नहीं हॉस्पिटल वाले कैसे बेहवे किये होंगे, मम्मी पैसों का इंतज़ाम कर पाई होगी भी या नहीं. इन ढाई साल में पहली बार मैंने मम्मी को अकेला छोड़ा था और बहन अकेले मम्मी को हॉस्पिटल लेकर गयी थी. ऐसा लगता है मैं पीठ दिखाकर भागा हूँ घर से, इसीलिए रोना आ गया” मैंने अपने मन से कहा.
फिर शांत किया खुद को और बैग उठाकर कंधे पर लटकाया और बहार निकलने के लिए मुड़ा, तभी बहार का दरवाजा खुला, हैरी सर विजय भाई और एक दो लोग अन्दर घुसे, मैं शांत हूँ और निकलने के भाव से एक शिष्टाचार के नाते उनको बोलता हूँ “थैंक यू सर” इसके बाद मैं निकलता हूँ बोल ही रहा था की हैरी सर ने अपनी जेब से कुछ पैसे निकाल कर मेरे हाथ में दिए, “मयंक भाई अभी आप इसको रखो, 9 हजार रूपये हैं, आपकी फ़िलहाल मेट्रो और बस के सफ़र का इंतज़ाम हो जायेगा इन पैसो से, बांकी हम मिलकर आगे आपके लिए कुछ बहुत स्ट्रोंग करेंगे आपकी कोशिश हम अपने कॉन्टेक्ट्स तक पहुंचाने में पूरी हेल्प करेंगे, कुछ ढंग का करेंगे भाई, आप घबराना मत” ये हैरी सर के शब्द थे !
![]() |
| 18 दिसंबर 2024: मयंक (बाईं ओर) और हैरी सर (दाईं ओर) स्टूडियो में, जहाँ मयंक को 9,000 रुपये की मदद मिली। |
घबराऊंगा नहीं ?? घबराहट तो बनी रहेगी लेकिन ये जो सरप्राइज कर रहे हो बार बार ये तो मुझे यही हार्ट अटैक दे देगा यार, ऐसे कौन मुसीबत और घबराहट में दुबे इंसान को सरप्राइज़ दे देकर हेल्प कटा है वो भी एकदम झटके से ??
इंसान पहले से ही डरा हुआ है, एक झटके से सरप्राइज में मिलने वाली ख़ुशी उसको और डरा देती है. मेरी आँखे गीली हुई मै इस बार खुद को रोक नहीं सका रोने से. हरिंदर साहू भाई ने मयंक कुमार, सन ऑफ़ पुण्यशीला कुमारी अ ब्रेस्ट कैंसर फाइटर, को गले लगाकर शांत किया.
मयंक शांत हो गया, इमोशन को वो नहीं रोक सका था,
मयंक चमत्कारों में भरोसा नहीं करता,,,
लेकिन अभी तक जो भी हुआ था, सब चमत्कार ही तो था ??
कहानी जारी रहेगी, तबतक, जबतक ये यात्रा जारी रहेगी,
आगे की कहानी फिर यही मिलेगी. मुझे अब सोना है, अभी सोने दो.




Comments
Post a Comment